fbpx

केजरीवाल सरकार ने यमुना घाटों पर छठ पूजा करने वाले भक्तों पर 5000 रुपये का जुर्माना लगाया, जबकि एनजीटी ने पूजा आयोजित करने पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया -चौ. अनिल कुमार

नई दिल्ली, 30 अक्टूबर, 2022 – दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौ.अनिल कुमार ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने पूर्वांचल क्षेत्र के 50 लाख से अधिक लोगों को उनके सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक त्यौहार छठ पूजा की अनुमति नहीं देकर उनकी धार्मिक भावनाओं को आहत किया है । उन्होंने कहा है कि केजरीवाल ने झूठा बयान जारी किया है कि यमुना नदी के किनारों पर छठ पूजा के लिए नेशनल ग्रीन ट्राईब्युल ने अनुमति नहीं दी है जबकि ऐसा नहीं है।
 
चौ. अनिल कुमार ने कहा कि यूपी सरकार ने नोएडा के पास कालिंदी कुंज इलाके के यमुना तट पर जहां श्रद्धालुओं को छठ पूजा करने की इजाजत दी है, वहीं दिल्ली में श्रद्धालुओं पर 5000 रुपये का जुर्माना लगाया जा रहा है, हालांकि नेशनल ग्रीन ट्राईब्युल ने यमुना नदी के तट पर छठ पूजा के खिलाफ कोई आदेश जारी नहीं किया है।
 
चौ. अनिल कुमार ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, जो राजनीतिक लाभ के लिए झूठा हिंदू धर्म का प्रचार करने का नाटक करते है, यमुना तट पर छठ पूजा को रोक रहे हैं क्योंकि पानी बहुत अधिक प्रदूषित है और केजरीवाल को डर है कि जब पर्वांचली लोग यहां पर पूजा करेंगे तो कही उनकी पोल न खुल जाए कि दिल्ली सरकार ने पूर्वांचलवासियों के सबसे बड़े त्यौहार छठ पूजा की व्यवस्था के लिए कुछ नहीं किया।
 
चौ. अनिल कुमार ने कहा कि उन्होंने पुलिस आयुक्त से शिकायत की थी कि दिल्ली सरकार ने कालिंदी कुंज बैराज में नाव की सवारी करके नदी में जहरीला रसायन डाला और केजरीवाल ने छठ पूजा से पहले प्रदूषित पानी को साफ करने के बजाय पूर्वांचलियों को यमुना घाटों पर छठ पूजा करने से रोकने के लिए तरह-तरह के घटिया राजनीतिक दाव-पैच खेल रहे है।
 
चौ. अनिल कुमार ने आज यमुना की यूपी सीमा पर छठ पूजा घाटों का दौरा किया और पूजा करने के लिए कालिंदी कुंज और आईटीओ पर तालाब खोदा गया है। उन्होंने दिल्ली में भक्तों की दुर्दशा के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दोषी ठहराया, क्योंकि केजरीवाल पूर्वांचलियों को केवल वोट बैंक के रूप में मानते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *